VHP कार्यकर्ताओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर SDM को सौंपा ज्ञापन
संवाददाता — निशांत त्रिपाठी क्षेत्र में विभिन्न समस्याओं को लेकर विश्व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं ने राम मोहन शुक्ला के नेतृत्व में SDM कार्यालय पहुंचकर पांच सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने से पूर्व कार्यकर्ताओं ने कार्यालय परिसर में हनुमान चालीसा का पाठ भी किया।
कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मंदिरों एवं विद्यालयों के आसपास अराजक तत्वों पर प्रभावी रोक लगाई जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में नशीले पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने तथा धार्मिक स्थलों के प्रमुख मार्गों पर खुले में मांस की बिक्री को बंद कराया जाए।
ज्ञापन के दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्राधिकारी पर कथित रूप से दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी उठाई। कार्यकर्ताओं का कहना था कि संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन को गंभीरता से कार्रवाई करनी चाहिए।
VHP कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ज्ञापन सौंपते समय बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।












