वृंदावन में श्रद्धालु को दरोगा ने मारा थप्पड़, वीडियो वायरल – पुलिस की कार्यशैली पर उठे सवाल
वृंदावन मथुरा: अक्षय तृतीया के अवसर पर बुधवार को वृंदावन में लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जगह-जगह बैरियर लगाए गए थे और पुलिस बल की तैनाती की गई थी। इसी दौरान एक दरोगा द्वारा श्रद्धालु को थप्पड़ मारने की घटना सामने आई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।
घटना ठा. राधा स्नेह बिहारी मंदिर के पास की है, जहां पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। बताया जा रहा है कि एक श्रद्धालु जबरन बैरियर पार कर भीड़ में घुसने की कोशिश कर रहा था। पुलिसकर्मी ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन श्रद्धालु ने झगड़ा शुरू कर दिया। इसी दौरान वहां मौजूद दरोगा ने उस व्यक्ति को गाल पर थप्पड़ मार दिया।
यह घटना आसपास मौजूद श्रद्धालुओं में आक्रोश फैलाने लगी, लेकिन समय रहते स्थिति को नियंत्रण में ले लिया गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले ही रामकृष्ण मिशन हॉस्पिटल के ऑडिटोरियम में प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि सभी पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं से शालीनता और संयम के साथ पेश आएं।
वीडियो के वायरल होने के बाद आमजन और सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
ये भी पढ़ें एटा में व्यापार मंडल का बाजार बंद रहा सफल, आतंकवादी हमले के विरोध में जताया रोष












