रोजा अफ्तार के बाद घर लौट रहे युवक को बदमाशों ने मारी गोली, हालत नाजुक — मेडिकल कॉलेज रेफर
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ
रानीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार की रात उस समय सनसनी फैल गई जब बेखौफ दबंगों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल उपचार के लिए रानीगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।जानकारी के अनुसार रानीगंज थाना क्षेत्र के पुरेगोलिया गांव निवासी अजमत अली उर्फ शोएब (पुत्र साबिर अली) शनिवार शाम रोजा अफ्तार के बाद घर से बाहर निकले थे। बताया जा रहा है कि वह हनीफ चौराहे पर किसी काम से गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में लल्लन के घर के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात बदमाशों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल युवक के अनुसार जैसे ही वह लल्लन के घर के पास पहुंचे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली सीधे युवक को चूतड़ में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों और परिजनों ने आनन-फानन में घायल युवक को उठाकर रानीगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन युवक की हालत लगातार गंभीर बनी रहने के कारण चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर गोलीकांड की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी सक्रिय हो गया। मौके पर सीओ रानीगंज विनय प्रभाकर साहनी और थाना प्रभारी प्रभात कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। साथ ही संभावित आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में दबिश भी दी जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। वहीं पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गोली मारने की घटना के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य कारण तो नहीं है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह से बेखौफ होकर बदमाशों ने युवक को गोली मारी है, उससे इलाके में भय का वातावरण पैदा हो गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घायल युवक के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा और जल्द ही घटना में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस घटना के हर पहलू की गहनता से पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वहीं घायल युवक की हालत को लेकर परिजनों में चिंता बनी हुई है।












