अवागढ़ में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, साड़ी से बनाया फंदा; मोबाइल फोन गायब, जांच में जुटी पुलिस

अवागढ़ में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, साड़ी से बनाया फंदा; मोबाइल फोन गायब, जांच में जुटी पुलिस

संवाददाता : योगेंद्र सिंह

एटा। जनपद के अवागढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, मोहल्ला खिड़की निवासी रमन शर्मा (30 वर्ष) ने अपने घर के कमरे में छत पर लगी लोहे की एंगल से साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। मृतक के बड़े भाई देवेंद्र उर्फ दीपक शर्मा ने पुलिस को बताया कि रविवार रात रमन अपने कमरे में सोने गया था। सोमवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो कमरे के अंदर उसका शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। परिजनों ने बताया कि रमन का मोबाइल फोन भी मौके से गायब मिला है। उनका कहना है कि रमन की किसी से कोई रंजिश नहीं थी और न ही परिवार को ऐसी किसी बात की जानकारी है, जिससे वह इतना बड़ा कदम उठाता। ऐसे में आत्महत्या के कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सके हैं। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर फील्ड यूनिट को बुलाया, जिसने मौके का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एटा जिला अस्पताल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने बताया कि सोमवार सुबह करीब सात बजे सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें