ऊंचाहार के उसरैना में दबंग ने युवक को लाठी-डंडों से पीटा, पैर टूटा
ऊंचाहार संवाददाता धीरेंद्र कुमार रायबरेली जिले के ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पूरे घासी खां मजरे उसरैना गांव में पिता से गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक की बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। दबंग द्वारा किए गए लाठी-डंडों के हमले में युवक का पैर फ्रैक्चर हो गया और शरीर पर कई गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गाली-गलौज का विरोध करने पर किया हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी अमरेश कुमार (पुत्र करन नाथ पाल) 04 अक्टूबर 2026 की शाम को स्थानीय बाजार से अपने घर लौट रहा था। गांव पहुंचते ही उसने देखा कि गांव का ही आरोपी अवधेश कुमार (पुत्र राम हर्ष) उसके पिता के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज कर रहा था। अमरेश ने जब बीच-बचाव किया और अपने पिता को लेकर घर लौटने लगा, तभी आरोपी ने पीछे से हमला बोल दिया।
जान से मारने की धमकी देकर फरार
आरोप है कि अवधेश ने लाठी-डंडों से अमरेश पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका एक पैर टूट गया और वह बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ित और उसके पिता को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के बाद पीड़ित ने ऊंचाहार कोतवाली पहुंचकर सोमवार को पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यवाहक कोतवाल सुमित श्योरेन ने बताया कि अमरेश कुमार की तहरीर के आधार पर आरोपी अवधेश कुमार के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।











