थाना प्रभारी पर पत्रकार से अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

थाना प्रभारी पर पत्रकार से अभद्र व्यवहार और धमकी देने का आरोप, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

प्रतापगढ़। थाना मांधाता के प्रभारी धनंजय राय पर पत्रकार के साथ कथित अभद्र व्यवहार, पद की गरिमा के विपरीत आचरण एवं अनुचित दबाव बनाने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर दैनिक चक्र न्यूज के ब्यूरो चीफ महेश कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ को शिकायती पत्र देकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विभागीय कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

शिकायती पत्र के अनुसार, पत्रकार महेश कुमार शुक्ला एक मामले की पैरवी के सिलसिले में थाना मांधाता प्रभारी धनंजय राय से मिलने पहुंचे थे। आरोप है कि उनकी बात गंभीरता से सुनने के बजाय थाना प्रभारी ने कथित तौर पर अभद्र भाषा का प्रयोग किया और ऐसा व्यवहार किया, जिससे उन्हें अपनी बात रखने में भी असहजता महसूस हुई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि 2 अक्टूबर 2026 को वह दोबारा थाना मांधाता पहुंचे और अपनी बात रखने का प्रयास किया, तभी थाना प्रभारी ने उनकी बात सुने बिना कथित रूप से कहा कि “मैं तुम्हारे खिलाफ नोटिस जारी करवा दूंगा।” शिकायतकर्ता ने इस कथन को आपत्तिजनक बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है।

शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि थाना प्रभारी ने उनसे उनका नाम, पिता का नाम और पूरा पता पूछा, जबकि वह एक मामले की पैरवी के सिलसिले में थाने पहुंचे थे। पत्रकार ने सवाल उठाया कि यदि किसी पत्रकार के साथ पुलिस का ऐसा व्यवहार होता है तो आम फरियादियों के साथ पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े होते हैं।

सीसीटीवी फुटेज की जांच की मांग

पत्रकार ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि 2 अक्टूबर को थाने में हुई पूरी घटना की जांच कराई जाए तथा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान को जांच में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा है कि यदि जांच में पद की गरिमा के विपरीत आचरण अथवा अनुचित दबाव बनाने की पुष्टि होती है तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाए।

शिकायतकर्ता ने भविष्य में किसी भी पत्रकार अथवा आम नागरिक के साथ इस प्रकार का व्यवहार न होने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की भी मांग की है।

महेश कुमार शुक्ला ने पुलिस अधीक्षक से मामले में निष्पक्ष जांच और न्यायपूर्ण कार्रवाई की उम्मीद जताई है। फिलहाल लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें