एटा में पंचायत स्थल पर महिलाओं ने खोला शराबबंदी का मोर्चा, अवैध शराब बिक्री पर रोक की मांग
जलेसर। एटा जनपद के जलेसर थाना क्षेत्र के नगवाई गांव में पंचायत स्थल पर महिलाओं और ग्रामीणों ने शराबबंदी को लेकर आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने गांव में कथित तौर पर हो रही अवैध शराब की बिक्री को लेकर नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पंचायत के दौरान महिलाओं ने आरोप लगाया कि शराब की लत के कारण कई परिवार आर्थिक और सामाजिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। महिलाओं का कहना था कि शराब का असर बच्चों के भविष्य पर भी पड़ रहा है। एक महिला ने अपनी पीड़ा बताते हुए दावा किया कि परिवार की करीब एक लाख रुपये कीमत की भैंस 50 हजार रुपये में बेचनी पड़ी और पति की शराब की जरूरत पूरी करने के लिए पैसे देने पड़े।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शराब पीकर गांव में आए दिन विवाद और लड़ाई-झगड़े की स्थिति बनती रहती है। उनका यह भी दावा है कि शराब की वजह से कई लोगों की मौत तक हो चुकी है।
महिलाओं ने पुलिस प्रशासन और आबकारी विभाग से गांव में शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो इसका असर आने वाली पीढ़ी पर भी पड़ सकता है।
मामला जलेसर थाना क्षेत्र के नगवाई गांव का है।











