एटा में पति की तलाश में दर-दर भटक रही गर्भवती पत्नी, बाइक-मोबाइल मिलने से गहराया रहस्य
एटा, उत्तर प्रदेश। एटा में एक गर्भवती महिला अपने पति की तलाश में दर-दर भटक रही है। 31 अगस्त को नगला पोता स्थित ससुराल से मारहरा रोड स्थित काशीराम नगर कॉलोनी जाने की बात कहकर निकले जोहिब का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। पति के अचानक लापता होने से पत्नी और परिजन बेहद परेशान हैं।
बताया जा रहा है कि घर से निकलने के कुछ देर बाद जोहिब की अपनी पत्नी रानी से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी। बातचीत के दौरान उसने नौकरी पर जाने की बात कही थी। जोहिब महिंद्रा एजेंसी में नौकरी करता था। इसके बाद उसका फोन बंद हो गया और वह घर वापस नहीं पहुंचा।
मामले में उस समय रहस्य और गहरा गया, जब झालगोपाल पुल के पास उसकी बाइक, मोबाइल और अन्य सामान मिलने की बात सामने आई। पति की तलाश में रानी पोस्टमार्टम हाउस तक पहुंची और कई संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन जोहिब का कोई सुराग नहीं मिला।
रानी का आरोप है कि पति की गुमशुदगी की शिकायत लेकर वह कई बार थाने के चक्कर लगा चुकी है, लेकिन अभी तक गुमशुदगी दर्ज नहीं की गई है। गर्भवती पत्नी लगातार अपने पति की तलाश में पुलिस और प्रशासन से मदद की गुहार लगा रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर जोहिब कहां है? उसकी बाइक और मोबाइल पुल के पास कैसे पहुंचे और वह अचानक कहां लापता हो गया? परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द तलाश शुरू करने और पूरे घटनाक्रम की जांच की मांग की है।












