महिला सहायता प्रकोष्ठ की पहल से दो परिवारों को टूटने से बचाया
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा प्रतापगढ़। पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ श्री दीपक भूकर के निर्देशन में महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सहयोग की दिशा में कार्यरत महिला सहायता प्रकोष्ठ ने सराहनीय पहल करते हुए आपसी मतभेद और पारिवारिक विवाद से जूझ रहे दो परिवारों में सुलह-समझौता कराकर उन्हें टूटने से बचाया।
प्रभारी महिला सहायता प्रकोष्ठ उपनिरीक्षक श्रीमती मीनाक्षी पाण्डेय के प्रयास से पारिवारिक विवाद से जुड़े दोनों पक्षों को प्रकोष्ठ में बुलाया गया। यहां आपसी बातचीत और समझाइश के माध्यम से उनके गिले-शिकवे दूर कराए गए।
दोनों पक्षों की सहमति से आपसी मतभेद समाप्त हुए और एक-दूसरे को समझते हुए साथ रहने पर सहमति बनी। इसके बाद दंपतियों की सकुशल विदाई कराई गई।
महिला सहायता प्रकोष्ठ के अनुसार आपसी विश्वास, संवाद और समझ-बूझ के माध्यम से दोनों पक्षों ने पारिवारिक सौहार्द बनाए रखते हुए आगे साथ जीवन व्यतीत करने का निर्णय लिया।
महिला सहायता प्रकोष्ठ द्वारा पारिवारिक विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान कराने और परिवारों को टूटने से बचाने के उद्देश्य से लगातार प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।











