एसएसपी दून की दो टूक: पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग बर्दाश्त नहीं, 98 छात्रों पर कार्रवाई
दैनिक चक्र ब्यूरो | उत्तराखंड | देहरादून
“ऑपरेशन प्रहार” का असर, शिक्षण संस्थानों को भेजी गई रिपोर्ट
देहरादून में पढ़ाई की आड़ में हुड़दंग, मारपीट, नशाखोरी और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त छात्रों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। एसएसपी दून के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस ने अब तक 98 छात्रों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति करते हुए संबंधित शिक्षण संस्थानों को रिपोर्ट भेजी है।
पुलिस के अनुसार, जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आपराधिक गतिविधियों में शामिल छात्रों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस द्वारा ऐसे छात्रों के खिलाफ मुकदमे दर्ज करने के साथ-साथ उनकी गतिविधियों और शिकायतों का विवरण भी तैयार किया जा रहा है।
पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों, नशे के कारोबार, मारपीट और हुड़दंग में शामिल पाए गए विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 98 छात्रों की रिपोर्ट संबंधित विश्वविद्यालय एवं शिक्षण संस्थानों के प्रशासन को भेजी है। रिपोर्ट में छात्रों के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
पुलिस रिपोर्ट के आधार पर अब तक 84 छात्रों के निलंबन तथा 4 छात्रों के निष्कासन की कार्रवाई हो चुकी है। अन्य छात्रों के मामलों में भी संबंधित शिक्षण संस्थानों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
दून पुलिस द्वारा शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत बाहरी छात्रों की पृष्ठभूमि के साथ-साथ उनकी गतिविधियों पर भी लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि शिक्षा के नाम पर हुड़दंग, नशाखोरी या आपराधिक गतिविधियों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।












