जिस मोड़ पर दो साल पहले बची थी जान, वहीं सड़क हादसे में पीआरडी जवान की मौत
संवादाता :पंकज मिश्रा मैनपुरी। एलाऊ थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम हुए सड़क हादसे में ड्यूटी से साइकिल द्वारा घर लौट रहे पीआरडी जवान की मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाए गए जवान को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह रही कि करीब दो साल पहले भी इसी स्थान पर वह सड़क हादसे का शिकार हुए थे और इलाज के बाद उनकी जान बच गई थी। इस बार उसी मोड़ पर हुए हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।
ड्यूटी खत्म कर साइकिल से लौट रहे थे घर
मधुपुरी गांव निवासी 42 वर्षीय पुष्पराज सिंह पुत्र रामसनेही लाल पीआरडी में तैनात थे। मंगलवार को उनकी ड्यूटी एलाऊ चौराहे पर लगी थी। शाम करीब 4:30 बजे ड्यूटी समाप्त होने के बाद वह साइकिल से अपने घर मधुपुरी लौट रहे थे। जैसे ही वह मधुपुरी गांव के मोड़ के पास पहुंचे, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर से सड़क से दूर जा गिरे
बाइक की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पुष्पराज साइकिल समेत उछलकर सड़क से करीब तीन फीट दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और घायल पुष्पराज को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल
पुष्पराज की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी अंजलि और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि पुष्पराज ही परिवार के पालन-पोषण का मुख्य सहारा थे। उनकी अचानक मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
दो साल पहले भी इसी जगह हुआ था हादसा
परिजनों के मुताबिक, 20 अगस्त 2024 को भी लगभग इसी स्थान और करीब इसी समय पुष्पराज बाइक की टक्कर से घायल हुए थे। उस हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुए थे, लेकिन उपचार के बाद उनकी जान बच गई थी। स्वस्थ होने के बाद उन्होंने दोबारा पीआरडी की ड्यूटी संभाल ली थी। करीब दो साल बाद मंगलवार को उसी स्थान पर फिर हादसा हुआ, लेकिन इस बार उनकी जान नहीं बच सकी।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
पुष्पराज के परिवार में पत्नी अंजलि के अलावा 15 वर्षीय बेटा आयुष, 13 वर्षीय बेटी महक और करीब साढ़े तीन वर्ष का बेटा निक्की है। परिवार के कमाने वाले सदस्य की मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है और परिजनों के सामने भविष्य को लेकर चिंता खड़ी हो गई है।
पुलिस ने शुरू की जांच: हादसे की सूचना मिलते ही एलाऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और बाइक सवार के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।












