प्रतापगढ़ पट्टी में युवक की पुलिस कस्टडी में मौत, ब्राह्मण एकता परिषद ने की न्यायिक जांच की मांग
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
प्रतापगढ़। पट्टी कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा के दौरान युवक अर्जुन उर्फ शैलेश की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में अखिल भारतीय ब्राह्मण एकता परिषद ने उच्चस्तरीय न्यायिक जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परिषद के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम पट्टी को सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। परिषद का आरोप है कि पुलिस मामले को दबाने के लिए मौत को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास कर रही है। परिषद ने पुलिस अभिरक्षा में हुई मौत के लिए प्रशासनिक अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग भी की।
ज्ञापन में निर्दोष लोगों को मुकदमे में फंसाने और पक्षपातपूर्ण कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया गया है। परिषद ने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष न्यायिक जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन करने को बाध्य होगा।












