मिशन शक्ति की परीक्षा में एटा की महिला पुलिसकर्मियों का दबदबा, टॉप-3 में दो ने बनाई जगह
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
अलीगढ़ रेंज की ऑनलाइन परीक्षा में शानदार प्रदर्शन, आशा देवी दूसरे और रितु रानी तीसरे स्थान पर
एटा। मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता परखने के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा में एटा की महिला पुलिसकर्मियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अलीगढ़ रेंज स्तर पर हुई परीक्षा में एटा की दो महिला आरक्षियों ने टॉप-3 में जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया।
मारहरा थाने में तैनात महिला आरक्षी आशा देवी ने परीक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं कोतवाली देहात एटा की महिला आरक्षी रितु रानी तीसरे स्थान पर रहीं।
मिशन शक्ति केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता और जानकारी का आकलन करने के लिए यह ऑनलाइन परीक्षा 7 सितंबर को आयोजित की गई थी। परीक्षा में अलीगढ़ रेंज के विभिन्न जिलों में तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रतिभाग किया।
परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली दोनों महिला पुलिसकर्मियों को डीआईजी अलीगढ़ रेंज प्रभाकर चौधरी ने नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। एटा की दोनों महिला आरक्षियों के टॉप-3 में स्थान हासिल करने पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है।












