रायबरेली में शिवमहापुराण कथा में उमड़ा आस्था का सैलाब, राजा भैया और ए.के. शर्मा ने की शिरकत
ऊंचाहार/रायबरेली। ऊंचाहार तहसील क्षेत्र के चड़रई चौराहे पर चल रही सात दिवसीय शिवमहापुराण कथा के दूसरे दिन धार्मिक माहौल के साथ राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों की मौजूदगी भी देखने को मिली। शनिवार को प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा तथा कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कथा स्थल पहुंचे।


दोनों नेताओं ने भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद कथा व्यास पंडित प्रदीप मिश्रा का माल्यार्पण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया तथा उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक सोच, धार्मिक चेतना और सेवा की भावना को मजबूत करने का माध्यम बनते हैं।
वहीं राजा भैया के कथा पंडाल में पहुंचते ही श्रद्धालुओं ने तालियों और जयकारों के साथ उनका स्वागत किया। राजा भैया ने व्यासपीठ के सामने शीश नवाया और शिवमहापुराण कथा के आयोजन को सनातन संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि पंडित प्रदीप मिश्रा के श्रीमुख से शिवकथा का श्रवण करना श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य का अवसर है।
कथा स्थल पर दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। ‘हर-हर महादेव’ और ‘जय शिव शंभू’ के जयकारों से पूरा पंडाल गूंजता रहा। आयोजन में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव का बाघराय से कोतवाली प्रतापगढ़ स्थानांतरण, भावभीनी विदाई












