बर्तन बेचने के बहाने महिलाओं को लूट रहीं लुटेरी महिलाएं, लाखों के जेवरात लेकर फरार
थाना एरच क्षेत्र के कई गांवों में फैला खौफ, पुलिस कार्रवाई से ग्रामीण असंतुष्ट
झांसी। जनपद झांसी के एरच थाना क्षेत्र में इन दिनों एक महिला गिरोह सक्रिय है जो बर्तन बेचने के बहाने गांव-गांव जाकर महिलाओं को भ्रमित कर लाखों रुपये के आभूषण लेकर फरार हो गया। मामले को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की निष्क्रियता से लोग नाराज हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम गौती, लेवरा गेंदा और कठर्री थाना एरच क्षेत्र के लोगों ने बताया कि यह गिरोह तहसील टहरौली के अंतर्गत आने वाले बंगरा-बंगरी गांव में पहुंचा। वहां ये महिलाएं खुद को बर्तन बेचने वाली बताकर स्थानीय महिलाओं से संपर्क करती हैं। ये महिलाएं छोटे आभूषणों को दोगुनी कीमत में बदलने का लालच देती हैं। पहले कुछ बर्तन देकर भरोसा जीतती हैं और बाद में सोने के मंगलसूत्र, हार और चांदी के अन्य जेवरात लेकर रफूचक्कर हो जाती हैं।
पीड़ित महिलाओं ने जब तक सच्चाई को समझा, तब तक लुटेरी महिलाएं गांव छोड़ चुकी थीं। ग्रामीणों ने बीते चार दिनों से इलाके में तलाश की, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं लगा है।
थाना एरच क्षेत्र में इन घटनाओं को लेकर शिकायत की गई, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। इस लापरवाही के चलते लोगों में असंतोष व्याप्त है और वे प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें Pratapgarh: किराए के मकान में महिला ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस












