प्रतापगढ़ सीडीओ ने बैंकों को दिए ऋण आवेदन जल्द निस्तारित करने के निर्देश
सुखपाल नगर औद्योगिक क्षेत्र में लगेंगी 10 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें, जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में उद्यमियों की समस्याओं पर हुई चर्चा
संवाददाता विनय कुमार मिश्रा
जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना ने उद्यमियों और व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने बैंकों को विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत प्राप्त ऋण आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा ऋण स्वीकृति एवं वितरण की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा।
सीडीओ ने कहा कि युवाओं और उद्यमियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय से मिलना चाहिए। इसके लिए बैंक अधिकारी ऋण संबंधी आवेदनों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक में सुखपाल नगर औद्योगिक क्षेत्र में प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 10 अतिरिक्त स्ट्रीट लाइटें लगवाने का निर्णय लिया गया। इससे औद्योगिक क्षेत्र में आवागमन और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
सीडीओ डॉ. राममोहन मीना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि जिले में उद्योग और व्यापार को बढ़ावा मिल सके।











