सीतापुर में पहली बार क्रेता सम्मेलन, स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल
निशांत त्रिपाठी |सीतापुर में पहली बार आयोजित क्रेता सम्मेलन के माध्यम से जिले के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। एक जनपद एक उत्पाद (ODOP) एवं एक जनपद एक व्यंजन (ODOC) के तहत आयोजित इस सम्मेलन में सीतापुर की प्रसिद्ध दरी, स्थानीय उत्पादों एवं विशिष्ट व्यंजनों को वैश्विक पहचान दिलाने पर विशेष जोर दिया गया।
सम्मेलन में ब्रिटेन, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), पनामा, सऊदी अरब, फिनलैंड, जर्मनी, जापान और दक्षिण कोरिया सहित आठ देशों के क्रेताओं एवं व्यावसायिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस अवसर पर स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने और कारीगरों को नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने पर विस्तृत चर्चा हुई।
कार्यक्रम में मिश्रिख सांसद अशोक रावत, मंत्री राकेश राठौड़ गुरु एवं भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ला उपस्थित रहे। जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर., मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जोशी तथा उपायुक्त उद्योग करुणा राय ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और बुनकरों, दरी निर्माताओं तथा स्थानीय उद्यमियों से संवाद कर उनके उत्पादों की गुणवत्ता एवं बाजार की संभावनाओं की जानकारी ली।
सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञों ने पैकेजिंग, ब्रांडिंग, निर्यात, ई-कॉमर्स, एमएसएमई विकास तथा ZED प्रमाणन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर उद्यमियों को जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि इन प्रयासों से स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार होगा, बाजार तक उनकी पहुंच बढ़ेगी तथा जिले में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
जनपद में पहली बार आयोजित इस क्रेता सम्मेलन से सीतापुर की पारंपरिक दरी सहित अन्य स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलने की उम्मीद है। यह पहल जिले की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों के लिए नए अवसरों के द्वार भी खोलेगी।












