जनपद एटा में 10 साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, आंखें फोड़ीं और सिर कुचला
मंडल ब्यूरो एटा: जनपद के मिरहची थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 10 साल के मासूम की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपियों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए बच्चे की दोनों आंखें फोड़ दीं और सिर को ईंटों से बुरी तरह कुचल दिया।
घटना उस समय हुई जब मृतक बच्चा अपने दो दोस्तों के साथ गांव के पास स्थित नाल कूप पर नहाने गया था। तभी वहां पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में एक बच्चे की मौके पर ही जान चली गई, जबकि उसके दो साथी किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकले और गांव में जाकर घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। प्रत्यक्षदर्शी बच्चों में से एक ने बताया कि हमलावरों ने अपने चेहरे काले कपड़े से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी राजकुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
पुलिस ने आसपास के गांवों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया है।
ये भी पढ़ें पाकिस्तान से लौटे BSF जवान पूर्णब कुमार साहू, भारत ने भी रेंजर को सौंपा वापस












