रैडक्रास प्रशिक्षण ले रहे 360 युवाओं को रक्तदान व नशामुक्ति की दिलाई शपथ
ज़िला क्राइम रिपोर्टर: सागर गोयल
पानीपत, हरियाणा
दिनांक: 5 जनवरी
पानीपत। उपायुक्त एवं प्रधान, जिला रैडक्रास सोसाईटी डॉ. विरेन्द्र कुमार दहिया के कुशल मार्गदर्शन, हरियाणा रैडक्रास के उपाध्यक्ष अंकुश मिगलानी व महासचिव डॉ. सुनील कुमार के निर्देशानुसार तथा जिला रैडक्रास सोसाईटी सचिव गौरव राम करण की अगुवाई में प्राथमिक सहायता का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे लगभग 360 युवाओं को रक्तदान करने और नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। यह शपथ जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेश चन्द द्वारा दिलवाई गई।
इस अवसर पर प्रवक्तागण सोनिया शर्मा, कला भारद्वाज, जसमेर सिंह, अमित कुमार सहित कार्यालय के कर्मचारी व रैडक्रास के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
जिला रैडक्रास सोसाईटी सचिव गौरव राम करण ने बताया कि रैडक्रास युवाओं व युवतियों को प्रशिक्षण के साथ-साथ समाज सेवा से जोड़ने के लिए निरंतर जागरूक करता है। इसी कड़ी में युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया जा रहा है।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी हरमेश चन्द ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और प्रत्येक युवा को समाज सेवा में आगे आना चाहिए, ताकि एक बेहतर समाज का निर्माण हो सके। उन्होंने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि एक स्वस्थ व्यक्ति, जिसकी उम्र 18 से 65 वर्ष के बीच हो, वजन कम से कम 50 किलोग्राम हो और हीमोग्लोबिन की मात्रा 12.5 ग्राम या उससे अधिक हो, रक्तदान कर सकता है, बशर्ते पिछले छह महीनों में कोई बड़ी सर्जरी या गंभीर बीमारी न हुई हो।
उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ व्यक्ति वर्ष में चार बार, यानी प्रत्येक 90 दिनों के अंतराल पर रक्तदान कर सकता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति साल में कम से कम दो बार रक्तदान करे, तो किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सकता है।
नशामुक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को पारिवारिक, सामाजिक, मानसिक और आर्थिक रूप से कमजोर बना देता है। नशे के दुष्प्रभावों से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ता है। इसलिए नशा करने वाले लोगों को जागरूक कर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना आवश्यक है।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, साथ ही रक्तदान के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने सुझाव दिया कि जन्मदिन, शादी की सालगिरह, माता-पिता के जन्मदिन जैसे विशेष अवसरों पर रक्तदान कर समाज सेवा को एक नई दिशा दी जा सकती है।
उन्होंने बताया कि कोई भी इच्छुक व्यक्ति रैडक्रास द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में या रक्त बैंक, रैडक्रास भवन, पानीपत में जाकर रक्तदान कर सकता है।












