ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट के 4 मुख्य आरोपी गिरफ्तार, बेमेतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मोबाइल के माध्यम से संचालित हो रहा था सट्टा नेटवर्क, 33 हजार रुपये के 4 स्क्रीन टच मोबाइल जब्त; बैंक खातों के लेनदेन की जांच जारी।
जिला संवाददाता ताम्रध्वज साहू
बेमेतरा, पुलिस के अनुसार, 06 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा पुलिस ने बीटीआई ग्राउंड कोबिया बेमेतरा में कार्रवाई करते हुए आरोपी महेन्द्र सोनी के कब्जे से आईपीएल ऑनलाइन सट्टा खेलने में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन, 40 हजार रुपये नकद एवं अन्य रकम सहित कुल 60 हजार रुपये जब्त किए थे। विवेचना के दौरान इस प्रकरण में संलिप्त 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 9 मोबाइल फोन सहित कुल 1 लाख 95 हजार रुपये मूल्य की संपत्ति जब्त की गई थी। इस प्रकार प्रारंभिक कार्रवाई में 10 आरोपियों से 10 मोबाइल फोन एवं 40 हजार रुपये नकद सहित कुल 2 लाख 35 हजार रुपये की जब्ती की गई थी।
प्रकरण की आगे की जांच एवं आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आई, जिसके आधार पर फरार आरोपियों की तलाश जारी थी। इसी क्रम में 08 जून 2026 को पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल सट्टा रैकेट का संचालन करने वाले चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में नयन राजपूत (27 वर्ष), निवासी कुम्हीगुड़ा हाल समृद्धि विहार बेमेतरा; रौनक सलुजा (37 वर्ष), निवासी पंजाबी पारा बेमेतरा; सीनू सलुजा (38 वर्ष), निवासी पंजाबीपारा बेमेतरा; तथा मोहम्मद जुनेद हिंगोरा (34 वर्ष), निवासी रामदेव बाबा वार्ड बेमेतरा शामिल हैं। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 112 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 33 हजार रुपये मूल्य के चार स्क्रीन टच मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही जब्त मोबाइल फोन की तकनीकी जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि सट्टा संचालन में आरोपी किन-किन लोगों के संपर्क में थे तथा उनके बैंक खातों में हुए लेनदेन और ट्रांजैक्शन की भी विस्तृत जांच की जा रही है।
गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, सहायक उप निरीक्षक सुरेश सिंह एवं जितेन्द्र कश्यप, प्रधान आरक्षक रघुराज यदु तथा आरक्षक इंद्रजीत पाण्डेय, शिव सेन, सौरभ सिंह, चुरावन पाल, महेश जांगड़े, देवेन्द्र साहू सहित थाना सिटी कोतवाली के समस्त पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।
ये भी पढ़ें 17 जून को होगा अहिल्या बाई जयंती के उपलक्ष्य में मांट में महासम्मेलन












