नयाबांस के पास सड़क हादसे में युवक की मौत: अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। मिरहची थाना क्षेत्र के नयाबांस गांव के पास बुधवार की सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कोइना गांव निवासी 18 वर्षीय ललित कुमार पुत्र संजू अपनी बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान नयाबांस गांव के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ललित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और ललित को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज के आपातकालीन वार्ड में भर्ती कराया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में मातम का माहौल पसर गया।
इस घटना की पुष्टि करते हुए मिरहची थाना प्रभारी कपिल निर्णय ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल वाहन का सुराग लगाया जा सके ।












