मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति को अज्ञात वाहन ने रौंदा, मौत: सकरौली क्षेत्र में सड़क किनारे मिला शव, पुलिस जांच में हुई पहचान।
संवाददाता अमन अहमद
एटा। सकरौली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मानसिक रूप से विक्षिप्त व्यक्ति की मौत हो गई। मंगलवार देर रात अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा तो क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की। घटना सकरौली थाना क्षेत्र के इसौली–जलेसर मार्ग पर मुड़समां गांव के पास की है। मृतक की पहचान राम सिंह लोधी (पुत्र भूप सिंह लोधी) निवासी दौलतपुर गिलोला, थाना जलेसर, एटा के रूप में हुई। सूचना मिलते ही सकरौली थाना अध्यक्ष सीमा त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। मृतक के पुत्र प्रमोद कुमार लोधी ने बताया कि उनके पिता मानसिक रूप से विक्षिप्त थे और मंगलवार शाम घर से निकल गए थे। देर रात तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। बुधवार सुबह मुड़समां गांव के पास सड़क किनारे शव मिलने की सूचना मिली, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की।
थाना प्रभारी सीमा त्रिपाठी ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और वाहन की पहचान के प्रयास जारी हैं।












