भाई ने भाई को पीटा, बड़ा भाई गंभीर घायल: आपसी कहासुनी में भड़का विवाद, मेडिकल कॉलेज में चल रहा इलाज
संवाददाता धर्मेंद्र चौहान
एटा। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एक गांव में आपसी कहासुनी के बाद छोटे भाई ने बड़े भाई के साथ मारपीट कर दी। झगड़ा इतना बढ़ गया कि बड़े भाई को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने घायल को आनन-फानन में मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना रामपुर घनश्यामपुर गांव की है। जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय सुभाष पुत्र प्रेमदास का किसी बात को लेकर अपने छोटे भाई से विवाद हो गया। कहासुनी के दौरान मामला इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने सुभाष पर हमला कर दिया। हमले में सुभाष गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को परिजनों ने निजी वाहन से एटा स्थित वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। सुभाष ने बताया कि वह अपने घर पर था, तभी भाई से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और उसने मारपीट कर दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि फिलहाल घटना की जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि तहरीर या सूचना मिलने पर पुलिस आवश्यक कार्यवाही करेगी।












