पेट्रोल पूछने गया हलवाई बना मारपीट का शिकार: महिला के घर जानकारी लेने पर जेठ ने लाठी-डंडों से पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा। जैथरा थाना क्षेत्र में एक हलवाई के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। शादी समारोह से लौटते समय पेट्रोल खत्म होने पर जानकारी लेने गए हलवाई को एक व्यक्ति ने बेरहमी से पीट दिया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। कस्बा जैथरा के मोहल्ला नेहरू नगर निवासी अरविंद पुत्र रामचंद्र पेशे से हलवाई हैं। उन्होंने बताया कि भलौल में एक शादी समारोह का काम पूरा करने के बाद वह अपनी लेबर को नगला रैद छोड़ने जा रहे थे। रास्ते में उनकी बाइक का पेट्रोल खत्म हो गया। रात करीब 11:30 बजे पेट्रोल की जानकारी लेने के लिए वह नगला प्रेमी गांव में एक महिला के घर पहुंचे, जो पहले उनके साथ पूड़ी बेलने का काम करती थी। महिला के घर के पास एक परचून की दुकान पर पेट्रोल मिलता था। अरविंद ने बताया कि जब वह दुकान के खुलने-बंद होने की जानकारी लेने पहुंचे, तो वहां मौजूद महिला के जेठ ने बिना वजह गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में अरविंद के हाथ, पैर और कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने जैथरा थाने में लिखित शिकायत दी है। थाना प्रभारी रितेश ठाकुर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मजरूमी चिट्ठी देकर चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। मुकदमा पंजीकृत कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।












