जिला कारागार में बंदी की संदिग्ध मौत: फांसी से लटकता मिला शव, परिजनों ने जेल प्रशासन पर लगाया हत्या का आरोप
संवाददाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी – जनपद की जिला कारागार में बुधवार को एक बंदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लूट के आरोप में बंद कैदी ने जेल की बैरिक में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर आला अधिकारी पहुंच गए।मृतक की पहचान थाना कुर्रा क्षेत्र के गांव पड़री निवासी रामजीवन के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उसे 6 अक्टूबर को थाना कुर्रा पुलिस ने लूट के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बुधवार की सुबह रामजीवन का शव बैरिक में फांसी के फंदे पर लटका मिला। वहीं, मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जेल प्रशासन ने रामजीवन को जहर देकर मारा है, और उसकी मौत आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटना की बारीकी से जांच शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
जिला जेल में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन मामले की जांच में जुटा हुआ है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।












