एकता व अखंडता का संदेश लेकर निकली भव्य एकता यात्रा, उमड़ा जनसैलाब
फतेहपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर गुरुवार को जिले में एकता और अखंडता का संदेश देने के उद्देश्य से भव्य एकता पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा पूर्व खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री तथा हुसैनगंज विधानसभा के पूर्व विधायक रणवेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ धुन्नी भैया के नेतृत्व में सुल्तानपुर घोष क्षेत्र के चौकी चौराहा स्थित महाराणा प्रताप चौक से आरंभ होकर प्रेमनगर तक निकाली गई।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री मा. अजीत पाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उनके आगमन पर क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। यात्रा में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया और “एक भारत श्रेष्ठ भारत” के नारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा।
यात्रा के दौरान समर्थक श्यामू गुप्ता द्वारा चौकी चौराहा से प्रेमनगर रोड तक जगह-जगह स्टॉल लगाकर जलपान और स्वागत की व्यवस्था की गई। वहीं प्रेमनगर कस्बे में पहुंचते ही पूर्व ग्राम प्रधान इस्तेयाक बेग उर्फ भुट्टू ने अपने नव-निर्मित आवास पर समर्थकों के लिए भोजन और विश्राम की भव्य व्यवस्था की।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी, सुल्तानपुर घोष व हथगाम थानाध्यक्षों सहित भारी पुलिस बल पूरी सतर्कता के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा।
एकता यात्रा के दौरान देशभक्ति और एकता के गीतों के बीच निकली यह पदयात्रा जिले में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का सशक्त संदेश देती नज़र आई।












