एटा में ट्रैफिक पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 218 वाहन चालान, 2.27 लाख समन शुल्क वसूला
संवाददाता: धर्मेंद्र चौहान
एटा। यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू कराने और सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए एटा पुलिस द्वारा विशेष यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत ट्रैफिक पुलिस ने कुल 218 वाहनों के चालान किए और 2 लाख 27 हजार रुपये का समन शुल्क वसू
ल कर राजकोष में जमा कराया। इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति संवेदनशील बनाना था। ट्रैफिक पुलिस कर्मियों ने भारी वाहनों, कार चालकों और दोपहिया वाहन चालकों को पैम्फलेट वितरित कर नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही सड़क हादसों से बचाव के तरीके भी बताए गए।क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार सिंह ने रामभारती विद्यालय में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी और पैम्फलेट भेंटकर जागरूक किया। अभियान के दौरान कई वाहनों पर रिफ्लेक्टर भी लगाए गए। ट्रेवल्स बस चालकों को कोहरे के मौसम में दुर्घटनाओं से बचने के लिए फॉग लाइट लगाने के विशेष निर्देश दिए गए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह के निर्देश पर नवंबर माह में यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यातायात प्रभारी अनिल कुमार वर्मा की देखरेख में सैनिक पड़ाव, अलीगंज चुंगी, माया पैलेस, हाथी गेट समेत शहर के प्रमुख स्थानों पर चेकिंग अभियान संचालित किया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मॉडिफाइड साइलेंसर, ब्लैक फिल्म, तेज हॉर्न, प्रेशर हॉर्न, बिना नंबर प्लेट सहित अन्य उल्लंघनों की सख्ती से जांच की। इसके अलावा ड्रिंक एंड ड्राइव, तीन सवारी, बिना हेलमेट, नाबालिग चालक, नो पार्किंग और ओवर स्पीडिंग पर भी विशेष ध्यान दिया गया। चालकों को ब्रीथ एनालाइजर से भी चेक किया गया।
ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे कोहरे के मौसम में फॉग लाइट और रिफ्लेक्टर अवश्य लगवाएं ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।












