4 माह से वेतन न मिलने पर भड़के आउटसोर्सिंग कर्मचारी, मेडिकल कॉलेज के बाहर किया हंगामेदार प्रदर्शन
संवाददाता मुकेश कुमार
एटा वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में चार माह से वेतन न मिलने से नाराज आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने सोमवार को कॉलेज परिसर के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द वेतन जारी करने की मांग उठाई।सूचना मिलते ही प्राचार्य डॉ. बलवीर सिंह मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित आउटसोर्सिंग संस्था को तत्काल बकाया वेतन भेजने के निर्देश दिए और आश्वासन दिया कि भुगतान में देरी की समस्या पर शीघ्र समाधान कराया जाएगा।कर्मचारियों का आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन दिया जाता है, लेकिन वेतन जारी नहीं होता। उन्होंने कहा कि पिछली बार भी सिर्फ एक माह का वेतन दिया गया था, जबकि बाकी भुगतान लंबित है। लगातार वेतन न मिलने से कर्मचारियों का परिवार चलाना मुश्किल हो गया है और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है।
प्राचार्य से लिखित आश्वासन मिलने के बाद कर्मचारियों ने काम पर लौटने का निर्णय लिया, लेकिन साफ कहा कि इस बार वेतन मिलने के बाद ही वे पूरी क्षमता से कार्य करेंगे। कर्मचारियों का आक्रोश अभी भी बरकरार है और जल्द भुगतान न होने पर दोबारा आंदोलन की चेतावनी भी दी है।












