हाथरस में दर्दनाक सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत, परिवार में कोहराम
संवाददाता — अश्विनी कुमार
हाथरस। इगलास रोड पर देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक पुष्पेंद्र की मौत हो गई। वह सड़क पार कर रहा था, तभी गांव फतेहपुर के निकट किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल पुष्पेंद्र को जिला अस्पताल हाथरस ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने अलीगढ़ रेफर कर दिया। परिजन घायल को अलीगढ़ ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। इसके बाद शव को वापस हाथरस लाया गया, जहां पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक पुष्पेंद्र अलीगढ़ के इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव फतेहपुर निवासी प्रताप सिंह का पुत्र था और मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके घर में पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें से एक की उम्र मात्र तीन महीने बताई जा रही है। अचानक हुई इस दुखद घटना से परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुट गई है।












