हीरागंज बाजार में बनेगा स्पीड ब्रेकर, विधायक की पहल से अब हादसों पर लगेगी लगाम
प्रतापगढ़ हीरागंज बाजार में तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए प्रशासन ने अब सख्त कदम उठाने का फैसला किया है
संवाददाता बिपिन मिश्रा कुंडा प्रतापगढ़
स्थानीय विधायक श्री विनोद सरोज जी और लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों के बीच हुई अहम वार्ता के बाद हीरागंज बाजार में जल्द ही स्पीड ब्रेकर (गति अवरोधक) बनाने की सहमति बन गई है। हीरागंज बाजार एक व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र है, जहां दिन-भर भारी संख्या में लोगों और वाहनों की आवाजाही रहती है।वाहनों की अनियंत्रित गति के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती थीं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। लंबे समय से यहां स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की जा रही थी। जनता की इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक श्री विनोद सरोज जी ने PWD के अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बाजार में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। वार्ता के दौरान यह तय हुआ कि चिन्हित स्थानों पर मानक के अनुसार स्पीड ब्रेकर बनाए जाएंगे ताकि वाहनों की गति को नियंत्रित किया जा सके।
स्पीड ब्रेकर बनने की खबर से स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।
उम्मीद जताई जा रही है कि इस निर्माण कार्य के पूरा होते ही बाजार में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में भारी कमी आएगी और यातायात सुगम हो सकेगा।












