शादी से ढाई माह पहले सिपाही ने लगाई फांसी, लखनऊ में मचा हड़कंप
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के आलमबाग क्षेत्र में शुक्रवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब अलीगढ़ जनपद के पिसावा निवासी सिपाही बालकृष्ण (27) का शव किराए के मकान में फांसी के फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
एडिशनल इंस्पेक्टर फूलचंद्र ने बताया कि सिपाही बालकृष्ण दिसंबर 2023 से आलमबाग थाने में तैनात थे और वाहन चालक के पद पर कार्यरत थे। वह थाने में ही तैनात सिपाही विनोद कुमार के साथ पिछले तीन माह से भीमनगर छोटा बरहा स्थित राकेश सिंह के मकान में रह रहे थे।
परिजनों के अनुसार, बालकृष्ण की शादी फरवरी माह में तय हो चुकी थी। शादी से महज ढाई माह पहले इस तरह की घटना से परिवार गहरे सदमे में है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
ये भी पढ़ें प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में IG प्रयागराज का भव्य स्वागत, माघ मेला तैयारियों की समीक्षा












