एटा में राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन, सुलह से सैकड़ों मामलों का निस्तारण।
संवादाता अमन अहमद। एटा जनपद न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न श्रेणियों के सैकड़ों लंबित मामलों का आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से निस्तारण किया गया। इस लोक अदालत का आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, एटा के तत्वावधान में किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन को त्वरित, सुलभ और न्यायपूर्ण समाधान प्रदान करना रहा।
लोक अदालत की निगरानी जनपद न्यायाधीश दिनेश चंद्र द्वारा की गई। उनके साथ अपर जिला जज कमालुद्दीन एवं नोडल अधिकारी अपर जिला जज नरेंद्र पाल राणा की देखरेख में न्यायिक पीठों ने मामलों की सुनवाई कराई। लोक अदालत में आपराधिक शमनीय वाद, वैवाहिक विवाद, धारा 138 एनआई एक्ट के अंतर्गत चेक बाउंस से जुड़े धन वसूली के मामले, श्रम विभाग से संबंधित प्रकरण, बिजली-पानी के बिल विवाद तथा आर्बिट्रेशन से जुड़े मामलों का निपटारा किया गया।
इस अवसर पर बीमा कंपनियों, विद्युत विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता, विभागीय कर्मचारी और बीमा प्रतिनिधियों ने भी लोक अदालत में सक्रिय भूमिका निभाई।
लोक अदालत के दौरान जिला जेल में निरुद्ध महिला बंदियों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने। डिप्टी जेलर शशि कला ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिला बंदियों को आत्मनिर्भर बनाना है। उनके द्वारा निर्मित स्वदेशी उत्पादों की बिक्री से प्राप्त धनराशि उन्हें मेहनताना के रूप में दी जाएगी, जिससे वे हुनरमंद बनकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
ये भी पढ़ें नगर पंचायत विकास कार्य योजना, क्षेत्र में बन चर्चा का विषय












