सर्दियों में सफर होगा सुरक्षित और आरामदायक: यूपी रोडवेज ने जारी किए सख्त निर्देश
संवाददाता बिपिन मिश्रा कुंडा प्रतापगढ़
उत्तर प्रदेश शरद ऋतु के आगमन और बढ़ते कोहरे को देखते हुए, उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए कमर कस ली है। निगम ने अपने सभी क्षेत्रीय प्रबंधकों और डिपो प्रभारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं ताकि ठंड के मौसम में यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। परिवहन निगम द्वारा जारी किए गए सर्कुलर में बसों के रखरखाव और संचालन को लेकर निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष जोर दिया गया है। घने कोहरे में दृश्यता कम होने के कारण, सभी बसों की हेडलाइट्स ऑल वेदर बल्ब ब्रेक लाइट्स और इंडिकेटर्स का पूर्णत कार्यशील होना अनिवार्य कर दिया गया है। विंडशील्ड वाइपर को सुचारू रूप से चलाने के निर्देश दिए गए हैं ताकि ओस और कोहरे में ड्राइवर को देखने में परेशानी न हो।
यात्रियों को ठंडी हवा से बचाने के लिए बसों की खिड़कियों और दरवाजों की रबर बीडिंग को सही स्थिति में रखने का आदेश दिया गया है, ताकि बस के अंदर का तापमान सामान्य रहे।
रात के समय बस चलाते समय चालकों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया है।
चालकों को निर्धारित गति सीमा का कड़ाई से पालन करना होगा।बसों में क्षमता से अधिक सवारी बैठाने (ओवरलोडिंग) पर सख्त पाबंदी लगाई गई है। बसों का संचालन निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुसार ही किया जाएगा। चालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे बसों को केवल निर्धारित स्टॉप पर ही रोकें, ताकि यातायात बाधित न हो और यात्रियों को सुरक्षा मिले।
बसों की नियमित जाँच और निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
UPSRTC के इस कदम से उम्मीद है कि आगामी सर्दियों में न केवल सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, बल्कि रोडवेज की बसों में सफर करने वाले यात्रियों को एक गर्म और सुरक्षित यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।
निगम ने साफ कर दिया है कि इन मानकों में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी।












