मारुति वैन में लगी आग, कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड व पुलिस ने पाया काबू
मंडल संवाददाता अमित चौहान
सोरों (कासगंज)। सोरों क्षेत्र के पीली कोठी के पास खड़ी एक पुरानी मारुति वैन में अज्ञात कारणों से अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम और सोरों पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। वाहन मालिक पंकज पुत्र आनंद बाबू साहू निवासी राम सिंह पूरा, सोरों ने बताया कि उक्त वैन काफी पुरानी है और लंबे समय से वहीं खड़ी थी। आग लगने के कारणों की उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। उन्होंने आशंका जताई कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाई गई हो सकती है, हालांकि अन्य कारणों से भी आग लगने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। घटना की जानकारी मिलते ही सोरों पुलिस के एसएसआई सुमित त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की सहायता से आग को पूरी तरह बुझा दिया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वैन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।












