नाबालिग से छेड़खानी का आरोपी 10 घंटे में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
संवाददाता – अश्वनी कुमार हाथरस। सिकंदराराऊ थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे धर दबोचा।
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे सिकंदराराऊ थाने में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी नाबालिग बेटी अपने भाई को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थी, तभी एक युवक ने उसके साथ छेड़खानी की। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
सीसीटीवी फुटेज, ग्राउंड इंटेलिजेंस और सर्विलांस सेल की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान जीशान पुत्र बाबू, निवासी शहाबुद्दीन गंज, सिकंदराराऊ के रूप में की। इसके बाद उसकी तलाश शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के अनुसार, मंगलवार शाम गश्त के दौरान सूचना मिली कि वांछित आरोपी जीशान नए बाईपास के कच्चे रास्ते से बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुका और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
सिकंदराराऊ पुलिस, एसओजी टीम और हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में जवाबी फायरिंग की गई, जिसमें आरोपी जीशान के पैर में गोली लग गई। इसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के कब्जे से बिना नंबर की मोटरसाइकिल, एक 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया गया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि छेड़खानी की घटना के महज 10 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में ले लिया।
ये भी पढ़ें मैनपुरी में वन विभाग की 100 बीघा जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन का चला बुलडोजर












