मैनपुरी में वन विभाग की 100 बीघा जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन का चला बुलडोजर

मैनपुरी में वन विभाग की 100 बीघा जमीन से हटाया गया अवैध कब्जा, प्रशासन का चला बुलडोजर

संवाददाता:पंकज मिश्रा मैनपुरी: जनपद मैनपुरी में वन विभाग की करीब 100 बीघा सरकारी जमीन पर किए गए अवैध कब्जे को जिला प्रशासन ने सख्ती के साथ हटवा दिया। यह कार्रवाई एसडीएम सदर अभिषेक कुमार की मौजूदगी में की गई, जहां बुलडोजर चलाकर पूरी जमीन को कब्जामुक्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार मामला थाना घिरोर क्षेत्र के ग्राम रामगंज का है, जो ग्राम पंचायत बिधूना, तहसील सदर मैनपुरी में आता है। उक्त भूमि में कुछ हिस्सा जवापुर मौजा और कुछ हिस्सा बिधूना मौजा का बताया जा रहा है। इसी जमीन पर एक तथाकथित बाबा द्वारा आश्रम बनाने के नाम पर कब्जा किया गया था।

बताया जा रहा है कि कब्जा करने वाला व्यक्ति राजकुमार उर्फ रहीश पुत्र हरिसिंह है, जो कथित तौर पर आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है और बीते करीब 30 वर्षों से अपनी पहचान छुपाकर बाहर रह रहा था। हाल ही में गांव लौटने के बाद उसने वन विभाग की खाली पड़ी जमीन पर कब्जा करना शुरू कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक कुछ समय पूर्व वन विभाग द्वारा यहां पौधरोपण किया गया था, जिसे राजकुमार उर्फ रहीश और उसके परिजनों ने जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया। यह जमीन जवापुर और बिधूना की सीमा से लगी हुई है।

जब अवैध कब्जे की सूचना पर ग्राम पंचायत जवापुर के लेखपाल आशीष कुमार मौके पर पहुंचे, तो आरोप है कि राजकुमार उर्फ रहीश ने उन्हें मां-बहन की गंदी गालियां दीं और जान से मारने तथा एनकाउंटर कराने की धमकी तक दे डाली। उस समय मौके पर घिरोर पुलिस मौजूद थी, इसके बावजूद आरोपी में पुलिस का कोई खौफ नजर नहीं आया।

अगले दिन मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम सदर अभिषेक कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे। यहां भी आरोपी ने एसडीएम से तू-तड़ाक करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे प्रशासनिक अधिकारी नाराज हो गए।

कानून का पालन करते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर पूरी 100 बीघा जमीन को कब्जामुक्त कराया और स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा कब्जे का प्रयास किया गया, तो राजकुमार उर्फ रहीश और उसके परिवार के लोगों के खिलाफ कड़ी विभागीय व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध कब्जेदारों में हड़कंप मचा हुआ है और वन विभाग की जमीन को सुरक्षित कर लिया गया है।

ये भी पढ़ें एटा विकास भवन में नए कार्यों का लोकार्पण, मंडलायुक्त ने की विकास कार्यों की सराहना

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें