पति दूसरी युवती के साथ हुआ फरार, पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार
संवाददाता अमित शुक्ला प्रतापगढ़ | दयालगंज बाजार आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नचरौला गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने ही पति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि उसका पति करीब एक माह पूर्व घर आया था और घर में रखे जेवरात लेकर मुंबई चला गया।
पीड़िता के अनुसार, मुंबई पहुंचने के बाद उसके पति ने वहां रहने वाली एक युवती युक्ति से मंदिर में विवाह रचा लिया। इस बात की जानकारी उसे सोशल मीडिया के माध्यम से हुई, जब उसने पति की दूसरी शादी की तस्वीरें देखीं।
दूसरी शादी की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता पूरी तरह से स्तब्ध रह गई और तत्काल मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की, लेकिन जब थाना स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई तो गुरुवार की दोपहर वह क्षेत्राधिकारी पट्टी के कार्यालय पहुंची और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता ने बताया कि उसके दो छोटे बच्चे हैं और पति द्वारा दूसरी शादी कर लेने से उसका और बच्चों का भविष्य अंधकार में चला गया है। उसने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ये भी पढ़ें पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ द्वारा जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं का गंभीरता से समाधान हेतु दिये गये निर्देश-












