सर्दी के मौसम में योग अपनाकर रखें शरीर और मन स्वस्थ: उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया

सर्दी के मौसम में योग अपनाकर रखें शरीर और मन स्वस्थ: उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया

जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा

पानीपत, 18 दिसंबर। सर्दी के मौसम में स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है। ठंड बढ़ने के साथ ही सर्दी-खांसी, जुकाम, सांस संबंधी रोगों और जोड़ों के दर्द की समस्याएं आम हो जाती हैं। ऐसे में योग हमारे लिए एक प्राकृतिक, सरल और प्रभावी उपाय साबित हो सकता है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि दैनिक जीवन में योग को अपनाकर स्वस्थ और संतुलित जीवनशैली बनाई जा सकती है।उपायुक्त डॉ. दहिया ने कहा कि नियमित योग अभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है। उन्होंने बताया कि सर्दी के मौसम में योग का अभ्यास बंद कमरे में करना चाहिए, ताकि ठंडी हवा से शरीर को कोई नुकसान न पहुंचे। योग करते समय कमरे का तापमान सामान्य होना चाहिए और योगासन खाली पेट या हल्का भोजन करने के बाद ही करने चाहिए। डॉ. दहिया ने बताया कि योग हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करता है, जिससे शरीर मौसमी बीमारियों से बेहतर ढंग से लड़ पाता है। उन्होंने विशेष रूप से कपालभाति और अनुलोम-विलोम प्राणायाम के लाभों पर प्रकाश डाला। उपायुक्त ने कहा कि कपालभाति प्राणायाम से पेट की चर्बी कम होती है, पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर में ऊर्जा का संचार बढ़ता है। यह फेफड़ों को मजबूत करने के साथ-साथ सर्दी-खांसी जैसी समस्याओं से बचाव में भी सहायक है। वहीं अनुलोम-विलोम प्राणायाम के बारे में उन्होंने बताया कि इससे शरीर में ऑक्सीजन का प्रवाह बेहतर होता है, जिससे तनाव, चिंता और मानसिक थकान दूर होती है। यह हृदय को स्वस्थ रखने, रक्तचाप को नियंत्रित करने और सांस से जुड़ी समस्याओं में लाभकारी माना जाता है।

अंत में उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने जिलेवासियों से आग्रह किया कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को नियमित रूप से शामिल करें। उन्होंने कहा कि योग अपनाकर हम न केवल शारीरिक रूप से, बल्कि मानसिक रूप से भी स्वस्थ और तंदुरुस्त रह सकते हैं।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें