पूर्व सैनिकों की समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी गंभीर, सैनिक कल्याण केंद्र का किया निरीक्षण
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। 18 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मैनपुरी स्थित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र पर मौजूद पूर्व सैनिकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं विस्तार से सुनीं। पूर्व सैनिकों ने जिलाधिकारी के समक्ष हथियार लाइसेंस से जुड़ी दिक्कतों, भूमि पर अवैध कब्जा, मुआवजा भुगतान में देरी सहित कई अहम मुद्दे रखे। सैनिकों का कहना था कि लंबे समय से शिकायतें लंबित हैं, जिससे उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और पूर्व सैनिकों को जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि देश की सेवा करने वाले सैनिकों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी की इस पहल से पूर्व सैनिकों में संतोष देखने को मिला और उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा।












