बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व अजय निषाद के खिलाफ सपा छात्र सभा का आक्रोश, ईसान नदी पुल पर फूंका पुतला
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं अजय निषाद द्वारा की गई कथित अभद्रता के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित छात्र सभा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ईसान नदी पुल पर दोनों नेताओं का पुतला फूंका। प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं का कहना था कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा का पालन आवश्यक है और इस तरह की भाषा व व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। समाजवादी छात्र सभा ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए दोनों नेताओं से सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की। पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि इस प्रकार की बयानबाजी बंद नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
मौके पर मौजूद पुलिस ने स्थिति पर नजर बनाए रखी और किसी भी अप्रिय घटना से इनकार किया।












