जनपद एटा से आज की बड़ी अपडेट ऑनलाइन निवेश ठगी में साइबर क्राइम थाना एटा की बड़ी सफलता
संवाददाता योगेन्द्र सिंह
त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को ₹2.47 लाख की पूरी धनराशि कराई गई वापस
एटा। जनपद एटा की साइबर क्राइम थाना टीम ने ऑनलाइन निवेश के नाम पर हुई ठगी के एक मामले में सराहनीय कार्य करते हुए पीड़ित को उसकी पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस दिलाई है। पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के चलते ठगी की रकम ₹2,47,000 पीड़ित के खाते में वापस पहुंचाई गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित विवेक कुमार दुबे, निवासी वर्तमान पता जनता इंटर कॉलेज परिसर, थाना अवागढ़, जनपद एटा, को टेलीग्राम ग्रुप के माध्यम से ऑनलाइन निवेश का लालच देकर ठगी का शिकार बनाया गया था। ठगों ने अधिक मुनाफे का झांसा देकर पीड़ित से अलग-अलग खातों में धनराशि ट्रांसफर करवा ली। घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित द्वारा साइबर क्राइम थाना एटा में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा पंजीकृत किया और ठगी में प्रयुक्त संबंधित बैंक खातों को तुरंत फ्रीज कराया। साइबर थाना की सतत निगरानी, बैंक अधिकारियों से निरंतर समन्वय और तकनीकी जांच के परिणामस्वरूप पहले ₹1,98,000 तथा बाद में ₹49,500, इस प्रकार कुल ₹2,47,000 की धनराशि पीड़ित के खाते में वापस कराई गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित विवेक कुमार दुबे ने एटा पुलिस एवं साइबर क्राइम थाना टीम की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
एटा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन निवेश, टेलीग्राम/व्हाट्सएप ग्रुप या अनजान लिंक के माध्यम से मिलने वाले प्रलोभनों से सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी थाने में दें।












