घने कोहरे ने मैनपुरी को किया बेहाल, ठंड के साथ जनजीवन पूरी तरह प्रभावित
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी। जनपद मैनपुरी में कड़ाके की ठंड के बाद अब घने कोहरे ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। सोमवार की सुबह पूरा जिला कोहरे की घनी सफेद चादर में लिपटा नजर आया। कोहरे की वजह से चारों ओर दृश्यता बेहद कम हो गई, जिससे सड़कों पर चलना खतरे से खाली नहीं रहा और आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
घने कोहरे के चलते हाईवे समेत जनपद के प्रमुख मार्गों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ा। तेज रफ्तार से दौड़ने वाले वाहन थम से गए और लंबी दूरी की बसें व ट्रक सड़कों के किनारे खड़े दिखाई दिए। वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मजबूरी में यात्रा करने वाले चालक हेडलाइट और येलो लाइट जलाकर बेहद धीमी गति से आगे बढ़ते नजर आए।
कड़ाके की सर्दी और कोहरे के डर से लोगों ने घरों से बाहर निकलना कम कर दिया। सुबह के समय जिन सड़कों पर रोज चहल-पहल रहती थी, वहां सन्नाटा पसरा रहा। आवश्यक कार्यों से बाहर निकलने वाले लोगों को भी ठंड और कोहरे के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ठंड से बचाव के लिए लोग जगह-जगह अलाव तापते नजर आए।
मौसम की मार को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील की है। साथ ही सलाह दी गई है कि बहुत आवश्यक होने पर ही यात्रा करें और वाहन चलाते समय पूरी सतर्कता बरतें, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।












