गैस सिलेंडर लीक से भड़की आग, कोबरा पुलिस की बहादुरी से टला बड़ा हादसा
संवाद दाता: पंकज मिश्रा
मैनपुरी/कुरावली। थाना कुरावली क्षेत्र के मोहल्ला कुंवरपुर में रविवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान में गैस सिलेंडर लीक होने से अचानक आग लग गई। आग की तेज लपटें उठते देख आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि मौके पर तैनात कोबरा पुलिस के जवानों की सूझबूझ और तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना मोहल्ला कुंवरपुर निवासी जगदीश शरण पुत्र नाथू सिंह के मकान की है। मकान के एक कमरे में किराए पर रह रहे राहुल पुत्र अशोक कुमार नट के गैस सिलेंडर से अचानक गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही देर में कमरे में आग भड़क उठी। आग लगते ही राहुल और उसके परिजन कमरे से बाहर निकल आए। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग भी मौके पर जमा हो गए।
इसी दौरान क्षेत्र में गश्त कर रहे कोबरा पुलिस के जवान विनीत भाटी और दीपू सिंह को घटना की जानकारी मिली। दोनों जवान तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना समय गंवाए अग्निशमन यंत्र की मदद से जलते सिलेंडर पर काबू पाया। उनकी त्वरित कार्रवाई से आग को फैलने से रोक लिया गया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही आग पूरी तरह बुझा दी गई। इस आगजनी की घटना में किराएदार राहुल का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया, लेकिन राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना स्थानीय थाना पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी जुटाई।
स्थानीय लोगों ने कोबरा पुलिस के जवानों की बहादुरी और सूझबूझ की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता, तो आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था।
इंडेन गैस मैनेजर का बयान
इस संबंध में कुरावली इंडेन गैस एजेंसी के मैनेजर नीरज गुप्ता ने बताया कि इस नाम से उनकी एजेंसी पर कोई कनेक्शन नहीं है। जानकारी मिली है कि संबंधित गैस कनेक्शन सकीट इंडेन गैस एजेंसी का है।












