जनपद एटा में आज दिनांक 22 दिसंबर 2025 को केशव सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में रामानुजन की जयंती मनाई गई
संवाददाता योगेन्द्र सिंह

भारती नगर, एटा में महान गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन की जयंती बड़े हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में एक विशेष प्रार्थना सभा एवं विविध शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्प अर्पण के साथ किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के प्रधानाचार्य श्रीमान हरीश कुमार गंगवार जी ने अपने प्रेरक उद्बोधन में श्रीनिवास रामानुजन के जीवन संघर्ष, उनकी अद्भुत प्रतिभा तथा गणित के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद रामानुजन ने अपने कठोर परिश्रम और समर्पण से विश्व स्तर पर पहचान बनाई।
कार्यक्रम में आचार्य श्री सुरेश जी के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं द्वारा श्रीनिवास रामानुजन के जीवन से संबंधित प्रेरक विचार प्रस्तुत किए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों की गणितीय क्षमता को प्रोत्साहित करने हेतु रोचक प्रश्नोत्तरी, गणितीय गतिविधियाँ एवं अभ्यास भी कराए गए, जिनमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
विद्यालय के शिक्षकों ने विद्यार्थियों को गणित विषय को सरल, रोचक एवं जीवन से जोड़कर समझने के लिए प्रेरित किया तथा बताया कि गणित केवल अंकों का विषय नहीं, बल्कि तार्किक सोच और समस्या समाधान की कुंजी है।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि जागृत करना तथा महान वैज्ञानिकों और गणितज्ञों के जीवन से प्रेरणा लेना रहा। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ किया गया।












