मैनपुरी में सपा महिला मोर्चा का जोरदार प्रदर्शन, नीतीश कुमार के खिलाफ सौंपा ज्ञापन
संवाद दाता:पंकज मिश्रा
मैनपुरी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान महिला का हिजाब खींचे जाने के कथित मामले को लेकर सियासत तेज हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के महिला मोर्चा ने मैनपुरी में कड़ा विरोध दर्ज कराया।
सपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में इस घटना को महिलाओं के सम्मान और धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताते हुए नीतीश कुमार से माफी की मांग की गई।
प्रदर्शन के दौरान सपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने नीतीश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि यह घटना महिला सम्मान पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं की गरिमा और अधिकारों की रक्षा होना सर्वोपरि है, लेकिन इस तरह की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाती हैं।
सपा महिला मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पार्टी आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस-प्रशासन मुस्तैद रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।












