कोहरे के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभिया
संवाददाता सायरा सूर्यवंशी गाजियाबाद: पुलिस आयुक्त, गाजियाबाद के निर्देशानुसार एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था यातायात), पुलिस उपायुक्त-यातायात के पर्यवेक्षण में शीत ऋतु के दौरान घने कोहरे के कारण घटित होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं संभावित जनहानि को कम किए जाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। उक्त अभियान के अंतर्गत एनएच-09 एवं दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर सड़क किनारे अनधिकृत/असुरक्षित रूप से खड़े वाहनों को हटवाया गया, जिससे यातायात प्रवाह को सुचारु किया जा सके तथा दुर्घटनाओं की संभावनाओं में कमी लाई जा सके। अभियान के दौरान गलत तरीके के सड़क किनारे खड़े कुल 76 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही की गई।
इसके अतिरिक्त, सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु वाणिज्यिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगवाए गए, ताकि कोहरे की स्थिति में अन्य वाहन चालकों को दूर से ही वाहनों की स्पष्ट दृश्यता प्राप्त हो सके। साथ ही, वाणिज्यिक वाहन चालकों को कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय बरती जाने वाली आवश्यक सावधानियों जैसे धीमी गति से वाहन चलाना, पर्याप्त दूरी बनाए रखना, फॉग लाइट हेडलाइट का सही उपयोग करना एवं अनावश्यक रूप से सड़क किनारे वाहन खड़ा न करने के संबंध में भी जागरूक किया गया।
उक्त कार्यक्रम में यातायात निरीक्षक श्री संतोष चौहान एवं श्री अजय कुमार सहित अन्य यातायात पुलिस कर्मी उपस्थित रहे।
अपील:- यातायात पुलिस, गाजियाबाद द्वारा समस्त वाहन चालकों से अपील करती है, कि शीत ऋतु एवं कोहरे के दौरान वाहन चलाते समय यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। अत्यधिक कोहरे की स्थिति में अनावश्यक यात्रा से बचे, निर्धारित गति सीमा का पालन करें, वाहन के सभी लाइट/रिफ्लेक्टर सही स्थिति में रखें तथा सड़क किनारे असुरक्षित रूप से वाहन खड़ा न करें। आपकी सतर्कता एवं सहयोग से ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाकर सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है।
यातायात पुलिस द्वारा इस प्रकार के अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा पुलिस उपायुक्त, यातायात कमिश्नरेट-गाजियाबाद।
यातायात पुलिस X हैडल @Gzbtrafficpol
यातायात पुलिस कण्ट्रोल रूम नंबर 9643322904
ये भी पढ़ें मण्डलीय सड़क सुरक्षा समिति की उच्च स्तरीय महत्वपूर्ण बैठक












