एटा में बांग्लादेश के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल का जोरदार प्रदर्शन
संवाददाता योगेन्द्र सिंह : बांग्लादेश में हिंदू समुदाय पर हो रहे कथित अत्याचारों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय चौक पर एकत्र होकर बांग्लादेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हिंदुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मौके पर मौजूद पुलिस बल ने स्थिति पर नजर बनाए रखी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि नारेबाजी के चलते कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। बाद में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर कार्यक्रम समाप्त कराया।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार नहीं रुके, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।












