कानून से ऊपर नहीं ‘नाम वाली’ नंबर प्लेट! सड़क पर उतरा कानून—कोतवाली पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, वैगन-आर गाड़ी सीज!
संवाददाता बृजेन्द्र मौर्य
फतेहपुर। यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक वैगन-आर कार को सीज कर दिया। कार की आगे-पीछे नंबर प्लेट पर वाहन नंबर की जगह अंग्रेजी में “तौहीद” लिखा हुआ था, जिससे नियमों का उल्लंघन सामने आया।
शहर कोतवाल तारकेश्वर राय के नेतृत्व में आबूनगर क्षेत्र में चल रही चेकिंग के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कार को रोका। जांच में नंबर प्लेट पर नाम लिखे होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने जब वाहन के कागजात चेक किए तो नियम विरुद्ध पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कार को सीज कर दिया।
पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह कार्रवाई नियम तोड़ने वालों के लिए कड़ा संदेश है कि कानून सबके लिए बराबर है।












