हाथरस में अलीगढ़ रोड पर दर्दनाक हादसा, टेंपो की टक्कर से 9 वर्षीय बच्चे की मौत
संवाददाता – अश्वनी कुमार
जिला – हाथरस
हाथरस में अलीगढ़ रोड पर मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। सड़क पार करते समय बच्चा तेज रफ्तार टेंपो की चपेट में आ गया। हादसे के बाद टेंपो चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। यह घटना सुबह करीब 9 बजे चौपाल सागर के पास हुई। मुरसान कोतवाली क्षेत्र के गांव कोटा गारब गढ़ी निवासी अशोक का नौ वर्षीय बेटा आलोक सड़क पार कर रहा था, तभी अलीगढ़ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही आलोक सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, लेकिन टेंपो चालक वाहन लेकर फरार हो गया। परिजन और स्थानीय लोग घायल बच्चे को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मजदूरी कर रहा था परिवार, घटना से मचा कोहराम
मृतक आलोक के पिता अशोक अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अलीगढ़ रोड पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करते हैं। परिवार पिछले कुछ समय से निर्माण स्थल के पास ही रह रहा था। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फरार टेंपो चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मामले की जांच की जा रही है।












