पानीपत में अवैध निर्माण पर प्रशासन सख्त, टास्क फोर्स बैठक में लिए गए कड़े फैसले

पानीपत में अवैध निर्माण पर प्रशासन सख्त, टास्क फोर्स बैठक में लिए गए कड़े फैसले

जिला क्राइम रिपोर्टर
सागर गोयल पानीपत, हरियाणा।

पानीपत जिले में अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। इसी क्रम में सोमवार को जिला सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में टास्क फोर्स की मासिक बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने की। बैठक में जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन), पुलिस विभाग, बिजली विभाग, लोक निर्माण विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, राजस्व विभाग सहित सभी संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने दो टूक शब्दों में कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिला नगर योजनाकार द्वारा किसी भी क्षेत्र में कार्रवाई से पहले संबंधित उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) को अनिवार्य रूप से सूचना दी जाए। इससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनेगा और कार्रवाई तेज, पारदर्शी व प्रभावी होगी। डॉ. दहिया ने कहा कि अवैध कॉलोनियां जिले के नियोजित विकास में सबसे बड़ी बाधा हैं। ऐसे मामलों में कानून का सख्ती से पालन किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि कहीं अवैध कॉलोनी या निर्माण की गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें। बैठक में निर्णय लिया गया कि डिमोलिशन ड्राइव से पहले पूरी योजना तैयार की जाएगी और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की तैनाती सुनिश्चित होगी। साथ ही तोड़े गए अवैध निर्माण पर आए खर्च की वसूली भूमि राजस्व की बकाया राशि के रूप में की जाएगी। अवैध कॉलोनियों में भूमि की खरीद-फरोख्त रोकने के लिए जमाबंदी में रेड एंट्री की कार्रवाई को और प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि किसी भी स्थिति में अवैध कॉलोनियों को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने अवैध निर्माण से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई, एफआईआर दर्ज करने और की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रखने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने सभी विभागों को समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि जिले में अवैध निर्माण पर पूर्ण रूप से अंकुश लगाया जा सके और नागरिकों को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित शहरी वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक में एसडीएम मनदीप, एसडीएम अमित (समालखा), एसडीएम नवदीप नैन (इसराना), डीटीपी समित, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, जिला मौलिक अधिकारी सुभाष भारद्वाज, डीएसपी सुरेश सैनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें